1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

जर्मनी: चांसलर मैर्त्स को सीडीयू ने फिर अध्यक्ष चुना

अशोक कुमार डीपीए और एएफपी के साथ
२१ फ़रवरी २०२६

जर्मनी में सत्ताधारी कंजरवेटिव क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक यूनियन (सीडीयू) ने 21 फरवरी को चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स को फिर से अपना अध्यक्ष चुन लिया. इस मौके पर उन्होंने धुर दक्षिणपंथी पार्टी एएफडी रोकने का संपल्प दोहराया.

https://p.dw.com/p/59BF1
जर्मन चांसलर मैर्त्स
मैर्त्स को सीडीयू अधिवेशन में तो जोरदार समर्थन मिला, लेकिन चांसलर के तौर पर देश में उनकी लोकप्रियता लगातार घट रही हैतस्वीर: Thilo Schmuelgen/REUTERS

जर्मन शहर श्टुटगार्ट में पार्टी के अधिवेशन में उन्हें कुल 963 वैध मतों में से 878 मत प्राप्त हुए. इस तरह उन्होंने 91.17 प्रतिशत के जोरदार बहुमत से फिर पार्टी प्रमुख का पद हासिल किया. यह उनका अब तक का दूसरा सबसे अच्छा परिणाम है. 2022 में उन्हें पार्टी के ऑनलाइन सम्मेलन में 94.6 प्रतिशत वोट मिले थे, जबकि बाद में डाक मतों में 95.3 प्रतिशत वोटों से उन्हें मिले समर्थन की पुष्टि हुई. 2024 में उन्हें 89.8 प्रतिशत वोट हासिल हुए थे.

पार्टी अधिवेशन में मतदान के बाद मैर्त्स ने कहा, "मैं हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं और कहना चाहता हूं: जर्मनी में हमें सीडीयू के भीतर अच्छे आपसी सहयोग की उम्मीद है." सीडीयू का यह दो दिन का अधिवेशन इस साल पांच जर्मन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हो रहा है. ये चुनाव मार्च और सितंबर में होंगे, जिनसे पार्टी को मैर्त्स के लिए समर्थन और बढ़ने की उम्मीद है.

जर्मनी-भारत के रिश्ते क्यों हुए इतने अहम

धुर दक्षिणपंथियों की चुनौती

हालांकि दो पूर्वी राज्यों में हुए सर्वेक्षणों में सीडीयू से ज्यादा धुर दक्षिणपंथी एल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (एएफडी) पार्टी की लोकप्रियता बताई जा रही है. पार्टी अधिवेशन में मैर्त्स ने अपने भाषण में कहा, "सीडीयू को धुर दक्षिणपंथी कट्टरपंथ को राज्यों की सत्ता में आने से रोकना होगा." उन्होंने कहा, "हम इन तथाकथित एल्टरनेटिव फॉर जर्मनी के लोगों को जर्मनी को बर्बाद नहीं करने देंगे."

मैर्त्स ने अपनी पार्टी से एकजुटता की अपील की और कंजरवेटिव धड़े के बीच और अधिक आपसी सहयोग की मांग की. इस धड़े में सीडीयू के अलावा उसकी सहयोगी पार्टी सीएसयू भी है जो दक्षिणी राज्य बवेरिया में सक्रिय है. वहीं सोशल डेमोक्रेट्स मैर्त्स सरकार में गठबंधन सहयोगी की भूमिका में हैं.

उन्होंने कहा, "हमें इस तरह की स्थिति से बाहर निकलना होगा जहां एक गठबंधन साझीदार कोई प्रस्ताव रखता है तो अन्य उसे खारिज कर देते हैं." मैर्त्स ने कहा कि वह 'महत्वकांक्षी लक्ष्य' निर्धारित करना चाहते हैं और पार्टी के सहयोगियों को 'सर्वोच्च प्रदर्शन' के लिए प्रेरित करना चाहते हैं.

Deutschland Stuttgart 2026 | Merkel und Kramp-Karrenbauer nach der Rede von Kanzler Merz
पूर्व चांसलर मैर्केल 2021 के बाद पहली बार पार्टी अधिवेशन में आईंतस्वीर: Kay Nietfeld/dpa/picture alliance

मैर्केल भी अधिवेशन में

जर्मन चांसलर के इस भाषण के बाद पार्टी प्रतिनिधि दस मिनट तक खड़े होकर तालियां बजाते रहे. मैर्त्स का समर्थन करने वालों में पूर्व चांसलर अंगेला मैर्केल भी शामिल रहीं, जो 2021 में पद छोड़ने के बाद पहली बार पार्टी अधिवेशन में पहुंचीं. मैर्त्स ने अपने बहुत से 'वफादार साथियों' में से एक के तौर पर उनका सबसे पहले स्वागत किया.

अपने भाषण में उन्होंने कहा, "एकीकरण के वास्तुकार, जो बेशक हेल्मुट कोल के नेतृत्व में हुआ, वो हमारे ही पार्टी से आते हैं, सीडीयू से. अंगेला मैर्केल, आप 16 साल तक चांसलर रहीं और आप इस एकता का जीता जागता प्रतीक हैं."

मैर्केल और मैर्त्स के बीच संबंध लंबे समय तक बेहद तनावपूर्ण रहे. इसकी शुरुआत 2002 में हुई, जब मैर्केल ने पार्टी नेतृत्व के सवाल पर मैर्त्स को चुनौती दी थी. लेकिन उस घटना के 24 साल बाद लगता है कि यह संबंध सामान्य हो रहा है.