1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

जी7 के देशों का ध्यान अब यूक्रेन युद्ध रोकने पर

निखिल रंजन एपी, एएफपी
१६ जून २०२६

फ्रांस में जी7 की बैठक से दुनिया के ताकतवर देशों के नेताओं ने यूक्रेन युद्ध की ओर ध्यान बढ़ाने के संकेत दिए हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस को "समझौता कर लेना" चाहिए.

https://p.dw.com/p/5FWG1
G7-Gipfel 2026 | Treffen der G7-Staats- & Regierungschefs mit Selenskyj in Évian
तस्वीर: Dominique Jacovides/ABACAPRESS/IMAGO

मंगलवार को फ्रांस के एवियां शहर के रिसॉर्ट एवियां ले बां में जी7 की बैठक में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की भी शामिल हुए. चार साल से चल रही लड़ाई में यूक्रेन अभी तक डटा हुआ है हालांकि कई यूक्रेनी शहरों ने भारी नुकसान झेला है. ये शहर आए दिन रूसी हमलों का निशाना बन रहे हैं.

जी7 की बैठक में जेलेंस्की डॉनल्ड ट्रंप से रूबरू हुए. हालांकि उन्होंने बैठक से अलग भी ट्रंप से अकेले में मुलाकात की. एक फ्रेंच राजनयिक ने बैठक के बाद समाचार एजेंसी एएफपी से कहा, "आज नेताओं ने तेल और गैस पर प्रतिबंध के जरिए रूस पर दबाव बढ़ाने का फैसला किया है."

ईरान के बाद अब ध्यान रूस पर

डॉनल्ड ट्रंप से यूरोपीय देशों ने रूस पर दबाव बढ़ाने का आग्रह किया है. ऐसा लग रहा है कि डॉनल्ड ट्रंप भी इसके लिए मन बना चुके हैं. रूस पर प्रतिबंध लगाने के बारे में एक पत्रकार के पूछे सवाल के जवाब में डॉनल्ड ट्रंप ने कहा, " सब कुछ बहुत बुरा है, हां मैं वो सब करूंगा जो कर सकता हूं."

जी7 की बैठक में यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ फ्रेंच राष्ट्रपति माक्रों
जी7 के देशों का ध्यान अब यूक्रेन युद्ध को खत्म करने पर हैतस्वीर: Ludovic Marin/AFP

डॉनल्ड ट्रंप का कहना है कि होर्मुज का रास्ता खुल जाने के बाद तेल की सप्लाई शुरू हो जाएगी. उन्होंने कहा, "बहुत जल्द हम यह सब कर सकेंगे क्योंकि अब तेल आ रहा है. हम जल्दी ही ऐसा करने की स्थिति में होंगे." ट्रंप की इन बातों से संकेत मिल रहे हैं कि रूसी तेल और गैस पर अमेरिका दोबारा से प्रतिबंध लगा सकता है.

अमेरिका ने मार्च में रूसी तेल पर लगे कुछ प्रतिबंधों की छूट दे दी थी क्योंकि तेल की कीमतें बहुत ज्यादा बढ़ गई थीं. ईरान युद्ध खिंचने की वजह से इस छूट को आग बढ़ा दिया गया.

जेलेंस्की का कहना है कि यूक्रेन रूस के साथ शांति को लेकर गंभीर है, जबकि रूस दुनिया के नेताओं के साथ खिलवाड़ कर रहा है. जेलेंस्की ने बैठक के बाद यह भी कहा, "सभी सातों (देश) आज एकमत हो कर यूक्रेन का समर्थन कर रहे हैं."

इस बीच ब्रिटिश प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि उनका देश रूस के खिलाफ नए प्रतिबंध लगा रहा है. इनमें वो टैंकर भी शामिल हैं जो एलएनजी की ढुलाई करते हैं.  कनाडा ने भी रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों का एलान किया है.

डॉनल्ड ट्रंप को जर्मन टीम की जर्सी भेंट करते चांसलर मैर्त्स
जी7 की बैठक में जर्मन चांसलर ने डॉनल्ड ट्रंप को जर्मन फुटबॉल टीम की जर्सी भेट की और कहा हम सब एक टीम में हैं तस्वीर: Michael Kappeler/dpa/picture alliance

जी7 में ईरान का मुद्दा

जी7 की बैठक में ईरान एक प्रमुख मुद्दा बना रहा. अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि बहुत जल्द समझौते का दस्तावेज सार्वजनिक किया जाएगा. दोनों देशों के बीच समझौते पर  इसी शुक्रवार को स्विट्जरलैंड में दस्तखत होने हैं.

डॉनल्ड ट्रंप का कहना है कि समझौते के बाद अमेरिका पर ईरान में निवेश करने की कोई "शर्त नहीं" है. ट्रंप का कहना है कि अमेरिका का ध्यान सिर्फ इस बात पर है कि ईरान परमाणु हथियार हासिल ना कर सके.

ईरान का कहना है कि परमाणु हथियारों और ईरान पर लगे प्रतिबंधों को हटाने पर बातचीत इसी हफ्ते के आखिर में शुरू हो सकती है. समझौते में इसे 60 दिन के भीतर हल करने की बात कही गई है.

जी7 में अमेरिका, फ्रांस, कनाडा, जर्मनी, इटली, जापान और ब्रिटेन शामिल हैं. इनके अलावा ब्राजील, मिस्र, भारत, केन्या, दक्षिण कोरिया, कतर, यूक्रेन और यूएई बतौर मेहमान शामिल हुए हैं. भारत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए फ्रांस पहुंचे हैं.

निखिल रंजन
निखिल रंजन निखिल रंजन एक दशक से डॉयचे वेले के लिए काम कर रहे हैं और मुख्य रूप से राजनैतिक विषयों पर लिखते हैं.