माओरी मूलनिवासियों की नई सोच, राजा के बजाय रानी चुनी
न्यूजीलैंड के माओरी समुदाय ने इस बार 27 साल की नगा वाई को अपनी रानी चुना है. पिछले सप्ताह उनके पिता का एक ह्रदय ऑपरेशन के बाद देहांत हो गया था.

नया जमाना, नई सोच
न्यूजीलैंड के नॉर्थ आइलैंड पर जब नई माओरी रानी का राजतिलक हुआ, तो लोग खुशी से झूम उठे. न्यूजीलैंड में माओरी मूलनिवासी समुदाय ने परंपरा से हटकर 27 साल की नगा वाई को रानी बनाया है. समुदाय का मानना है कि कई बुजुर्ग राजाओं के बाद अब उन्हें एक नई सोच वाली रानी की जरूरत है जो उन्हें एआई और ग्लोबल वार्मिंग जैसे अहम विषयों पर एक बेहतर रास्ता दिखा सके.
बेहतर भविष्य की चाहत
नगा वाई, राजा तुहेतिया की सबसे छोटी बेटी हैं. उनके पिता की 30 अगस्त को मौत हो गई. अब समुदाय ने नगा को उनकी उत्तराधिकारी चुना है. वैसे तो नगा के दो बड़े भाई भी हैं, जो समुदाय का काम संभाल रहे हैं. लेकिन इस बार लोगों को ऐसे नेतृत्व की जरूरत महसूस हुई जो उन्हें आधुनिक दौर में बेहतर भविष्य की ओर लेकर जा सके.
न्यूजीलैंड के मूलनिवासी हैं माओरी
न्यूजीलैंड के मूलनिवासी माओरी समुदाय, कुल आबादी का लगभग 17 प्रतिशत हिस्सा हैं. इनकी अनुमानित जनसंख्या 900,000 है. कई विशेष योजनाओं के बावजूद माओरी समाज आबादी के बाकी हिस्सों से ज्यादा वंचित है.
बेरोजगारी और गरीबी की आशंका ज्यादा
समाचार एजेंसी एएफपी की एक रिपोर्ट के अनुसार, अन्य न्यूजीलैंड वासियों की तुलना में माओरी समुदाय के लोगों के बेरोजगार और गरीब होने की संभावना ज्यादा होती है. उन्हें कैंसर, हृदय रोग और डायबिटीज जैसी बीमारियों का भी ज्यादा जोखिम है. बाकी आबादी की तुलना में माओरी समुदाय के लोगों की संभावित उम्र सात साल कम हो सकती है.
काफी पढ़ी-लिखी हैं नई रानी
नई रानी नगा ने वाइकाटो विश्वविद्यालय में माओरी भाषा और प्रथागत कानून की पढ़ाई की है. उन्होंने बच्चों को "कापा हाका" प्रदर्शन कला भी सिखाई है. 2016 में राजा के राज्याभिषेक की सालगिरह मनाने के लिए उन्होंने अपनी ठोड़ी पर "मोको" टैटू भी बनवाया, जो एक पारंपरिक माओरी गुदना शैली है.
राजा की मौत का दुख, नई रानी की खुशी
राजा के निधन पर हजारों की संख्या में माओरी लोग शोक मनाने जमा हुए. इसी मौके पर रानी के चुने जाने का जश्न भी मनाया गया. राजा के ताबूत के बगल में रानी नगा पत्तों की माला, एक लबादा और व्हेल की एक हड्डी से बना हार पहनकर बैठी थीं.
विरासत और लोकपरंपरा का हिस्सा
वैसे तो राजा या रानी का कोई कानूनी दर्जा नहीं होता है, लेकिन न्यूजीलैंड की पहचान और राजनीति में माओरी प्रतिनिधि की अहम भूमिका है. न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एक बयान में रानी नगा वाई का स्वागत करते हुए भरोसा जताया कि वह "अपने पिता के नेतृत्व को और आगे लेकर जाएंगी."