1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

जर्मनी: रेस्क्यू के दो दिन बाद फिर फंसी हंपबैक व्हेल

२८ मार्च २०२६

जर्मनी के शहर ल्यूबेक के पास रेस्क्यू की गई 15 मीटर लंबी हंपबैक व्हेल फिर से गहरे समुद्र का रास्ता भटक गई है. विसमार की खाड़ी में इसके दोबारा फंसने से विशेषज्ञों की चिंता बढ़ गई है.

https://p.dw.com/p/5BJki
Deutschland Timmendorfer Strand 2026 | Bagger bei der Rettung eines gestrandeten Buckelwals
तस्वीर: Ulrich Perrey/dpa/picture alliance

जर्मनी के बाल्टिक तट पर पिछले कई दिनों से चर्चा का विषय बनी रही एक हंपबैक व्हेल एक बार फिर मुसीबत में है. शनिवार को ग्रीनपीस ने पुष्टि की है कि रेस्क्यू किए जाने के दो दिन के भीतर ही यह विशालकाय जीव विसमार की खाड़ी में एक रेत के टीले पर दोबारा फंस गई है.

यह व्हेल सबसे पहले सोमवार तड़के ल्यूबेक शहर के पास टिम्मेनडॉर्फर स्ट्रांड रिसॉर्ट के पास फंसी मिली थी. 12 से 15 मीटर लंबी इस व्हेल को बचाने के लिए जर्मनी में जबरदस्त अभियान चलाया गया, जिसकी लाइव स्ट्रीमिंग ने पूरे देश का ध्यान खींचा.

तटरक्षक बल और दमकल विभाग की नावों ने बड़ी लहरें पैदा कर व्हेल को गहरे पानी की ओर धकेलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. आखिरकार गुरुवार को एक मिट्टी खोदने वाली मशीन की मदद से व्हेल के चारों ओर एक चैनल खोदा गया, जिससे वह शुक्रवार तड़के तैरकर बाहर निकल सकी. हालांकि, शनिवार दोपहर इसे फिर से विसमार की खाड़ी में फंसा हुआ देखा गया.

Deutschland Timmendorfer Strand 2026 | Bagger bei Rettungsversuch für gestrandeten Wal
तस्वीर: Daniel Bockwoldt/dpa/picture alliance

बाल्टिक सागर में खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार, बाल्टिक सागर हंपबैक व्हेल के लिए सुरक्षित नहीं है. इसके जीवित रहने के लिए अटलांटिक महासागर पहुंचना जरूरी है, जो यहां से सैकड़ों किलोमीटर दूर है. बाल्टिक सागर में व्हेल को कम खारे पानी, भोजन की कमी और रास्ता भटकने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है.

माना जा रहा है कि यह व्हेल शायद हेरिंग मछलियों के झुंड का पीछा करते हुए यहां आ गई या रास्ता भटक गई होगी. विशेषज्ञों का यह भी अनुमान है कि यह एक नर व्हेल है, क्योंकि नर अक्सर प्रवास करते हैं.

Deutschland Timmendorfer Strand 2026 | Biologe untersucht gestrandeten Wal an der Ostsee
तस्वीर: Daniel Bockwoldt/dpa/picture alliance

आगे क्या होगा?

मैक्लेनबुर्ग-पोमेरानिया के पर्यावरण मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि व्हेल दोबारा संकट में है. फिलहाल स्पष्ट नहीं है कि फिर से कोई बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा या नहीं. हंपबैक व्हेल को संकट से बाहर आने के लिए जर्मन और डेनिश जलक्षेत्र से होते हुए वापस अटलांटिक महासागर तक का लंबा रास्ता तय करना होगा.