1. कंटेंट पर जाएं
  2. मेन्यू पर जाएं
  3. डीडब्ल्यू की अन्य साइट देखें

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को किया फोन

आयुष यादव एपी, एएफपी, डीपीए | आदर्श शर्मा रॉयटर्स, एएनआई
प्रकाशित १८ अगस्त २०२५आखिरी अपडेट १८ अगस्त २०२५

भारत, दुनिया, खेल और विज्ञान की सारी बड़ी खबरें, एक साथ और तुरंत. हम यह पेज लगातार अपडेट कर रहे हैं ताकि आपको दिनभर की खबरें एक साथ एक जगह मिल जाएं.

https://p.dw.com/p/4z8Bx
एक दूसरे से हाथ मिलाते नरेंद्र मोदी और व्लादिमीर पुतिन
तस्वीर: Sergei Bobylev/POOL/TASS/picture alliance/dpa
आपके लिए अहम जानकारी को स्किप करें
उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन कब दाखिल करेंगे नामांकन को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन कब दाखिल करेंगे नामांकन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन
उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात कीतस्वीर: AN

बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन ने उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बनाया है. केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया को बताया है कि राधाकृष्णन 20 अगस्त को सुबह 11 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे. उन्होंने बताया कि नामांकन के दौरान एनडीए के सभी सांसदों का हस्ताक्षर होगा. 

इससे पहले सीपी राधाकृष्णन सोमवार दोपहर को दिल्ली पहुंचे. किरेन रिजिजू, भूपेंद्र यादव और प्रह्लाद जोशी समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन्हें शुभकामनाएं भी दीं. 

सीपी राधाकृष्णन 31 जुलाई, 2024 से महाराष्ट्र के 24वें राज्यपाल के रूप में काम कर रहे हैं. इससे पहले वे फरवरी 2023 से जुलाई 2024 तक झारखंड के राज्यपाल भी रह चुके हैं.  राधाकृष्णन बीजेपी के वरिष्ठ नेता हैं. वे तमिलनाडु की कोयंबटूर सीट से दो बार सांसद रह चुके हैं. इसके अलावा, तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं.

https://p.dw.com/p/4zA6b
जर्मनी में कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च में बढ़ोतरी को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

जर्मनी में कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च में बढ़ोतरी

एक दूसरे का हाथ पकड़कर सड़क पार करते बुजुर्ग दंपती
जर्मनी में बढ़ा कल्याणकारी योजनाओं पर खर्चतस्वीर: Michael Gstettenbauer/IMAGO

जर्मनी में सामाजिक कल्याण एजेंसियों ने 2024 में कुल 20.2 अरब यूरो खर्च किए, जो उससे पिछले साल की तुलना में लगभग 15 फीसदी ज्यादा है. यह जानकारी संघीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा सोमवार को जारी किए गए आंकड़ों से सामने आई है.

आंकड़ों के अनुसार, सामाजिक कल्याण लाभों के सभी क्षेत्रों में खर्च में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. इनमें उन लोगों के लिए सभी लाभ शामिल हैं जो काम करने और अपनी आजीविका कमाने में असमर्थ हैं. संघीय श्रम और सामाजिक मामलों के मंत्रालय के अनुसार, सामाजिक कल्याण खर्च का 56 फीसदी से ज्यादा हिस्सा बुजुर्गों और कम कमाई करने वाले लोगों के लिए बुनियादी सहायता पर खर्च किया गया.

यह वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब जर्मनी लगातार आर्थिक स्तर पर मुश्किलों का सामना कर रहा है और उसके संघीय बजट में भारी कमी आई है. सत्तारूढ़ गठबंधन, जिसमें सीडीयू/सीएसयू और एसपीडी शामिल हैं, ने बढ़ती लागतों का मुकाबला करने के लिए सामाजिक सुरक्षा प्रणाली में सुधार करने पर विचार करना शुरू कर दिया है. 

https://p.dw.com/p/4z9uG
पाकिस्तान ने अफगान शरणार्थियों को जर्मनी भेजने के बजाय वापस अफगानिस्तान भेजा को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

पाकिस्तान ने अफगान शरणार्थियों को जर्मनी भेजने के बजाय वापस अफगानिस्तान भेजा

सामान लेकर जाते हुए अफगान शरणार्थी
जर्मनी भेजे जाने वाले शरणार्थियों को पाकिस्तान ने अफगानिस्तान भेजातस्वीर: Shafiullah Kakar/AFP/Getty Images

जर्मनी के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि पाकिस्तान ने 211 अफगान शरणार्थियों को वापस तालिबान-शासित अफगानिस्तान भेज दिया है, जबकि उन्हें जर्मनी में बसाए जाने की मंजूरी मिल चुकी थी. ये लोग अस्थायी रूप से पाकिस्तान में रह रहे थे. विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता के अनुसार, जर्मनी में प्रवेश की अनुमति पाए लगभग 450 अफगान नागरिकों को पाकिस्तान में हिरासत में लिया गया था.

प्रवक्ता ने कहा कि जर्मन विदेश मंत्रालय इन 211 लोगों को वापस पाकिस्तान लाने के लिए पाकिस्तानी अधिकारियों के संपर्क में है. अफगानिस्तान वापस भेजे गए लोगों के लिए आवास की व्यवस्था की गई है. अगस्त 2021 में तालिबान के कब्जे के बाद जर्मनी से प्रवेश की मंजूरी पाने वाले 2,000 से ज्यादा अफगान अभी भी पड़ोसी देश पाकिस्तान से जर्मनी जाने का इंतजार कर रहे हैं. इनमें मानवाधिकार कार्यकर्ता, वकील, शिक्षक या पत्रकार शामिल हैं, जिन्हें अफगानिस्तान में तालिबान के शासन में उत्पीड़न का डर है.

जर्मन सैनिकों की वापसी के बाद, जर्मनी ने अपने संस्थानों का समर्थन करने वाले स्थानीय कर्मचारियों और अन्य उत्पीड़ित अफगानों को शरण देने का वादा किया था. जर्मन गृह मंत्रालय के अनुसार, उनमें से लगभग 350 पूर्व स्थानीय कर्मचारी और उनके परिवार हैं. पिछले एक साल से, पाकिस्तान बड़ी संख्या में अफगान शरणार्थियों को वापस भेज रहा है.

शौचालय की समस्या से जूझती अफगान शरणार्थी महिलाएं

https://p.dw.com/p/4z9rX
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को किया फोन, जानिए क्या बात हुई को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी को किया फोन, जानिए क्या बात हुई

पिछले साल हुई ब्रिक्स समिट में हाथ मिलाते हुए पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दों पर भी चर्चा कीतस्वीर: Alexander Zemlianichenko/Pool via REUTERS

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार, 18 अगस्त को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बातचीत के बारे में जानकारी दी. उन्होंने लिखा, “मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन को फोन कॉल के लिए और अलास्का में राष्ट्रपति ट्रंप के साथ अपनी हालिया बैठक के बारे में जानकारी साझा करने के लिए धन्यवाद.”

1957410517053477314

उन्होंने आगे लिखा, “भारत ने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान का लगातार आह्वान किया है और इस संबंध में सभी प्रयासों का समर्थन करता है. मैं आने वाले दिनों में हमारे निरंतर आदान-प्रदान की आशा करता हूं.”

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दोनों नेताओं ने भारत और रूस के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से द्विपक्षीय सहयोग के कई मुद्दों पर चर्चा की. दोनों नेताओं ने करीबी संपर्क में रहने पर भी सहमति व्यक्त की. 

https://p.dw.com/p/4z9m0
‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ का पोर्टल हुआ शुरू को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ का पोर्टल हुआ शुरू

सूरत में हीरे-जवाहरात की एक फैक्ट्री में काम करता एक युवक
इस योजना का लक्ष्य 3.5 करोड़ से ज्यादा नौकरियों के सृजन को प्रोत्साहित करना हैतस्वीर: Sam Panthaky/AFP/Getty Images

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त के दिन लाल किले से ‘प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना’ शुरू करने की घोषणा की थी. इस योजना का लाभ निजी क्षेत्र के नए कर्मचारियों और नियोक्ता दोनों को मिलेगा. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इस योजना के लिए समर्पित पोर्टल सोमवार, 18 अगस्त से शुरू कर दिया गया है. 

केंद्रीय कैबिनेट ने 1 जुलाई को इस रोजगार-संबंधी प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दी थी. निजी क्षेत्र में 1 अगस्त, 2025 से लेकर 31 जुलाई, 2027 के बीच पैदा हुई नौकरियों को इस योजना के तहत लाभ मिलेगा. केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया के मुताबिक, इस योजना का उद्देश्य रोजगार सृजन, रोजगार क्षमता और सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देना है.

एएनआई के मुताबिक, यह योजना करीब एक लाख करोड़ रुपये की है और इसका लक्ष्य 3.5 करोड़ से ज्यादा नौकरियों के सृजन को प्रोत्साहित करना है. इस योजना के तहत, पहली बार नौकरी शुरू करने वाले कर्मचारियों को 15 हजार रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी. इसके अलावा, नए लोगों को काम पर रखने वाली कंपनियों को भी आर्थिक प्रोत्साहन दिया जाएगा. 

https://p.dw.com/p/4z9lk
चीन अपने विदेश मंत्री के भारत दौरे से क्या हासिल करना चाहता है को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

चीन अपने विदेश मंत्री के भारत दौरे से क्या हासिल करना चाहता है

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल के साथ चीनी विदेश मंत्री वांग यी
भारत यात्रा के दौरान वांग यी, भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल से मुलाकात करेंगेतस्वीर: Yao Dawei/picture alliance/Xinhua

चीन के विदेश मंत्री वांग यी 18-19 अगस्त को भारत दौरे पर रहेंगे. चीन ने सोमवार को कहा कि वे इस दौरे का इस्तेमाल, भारत के साथ संबंधों को मजबूत करने के एक अवसर के रूप में करना चाहते हैं. अपनी यात्रा के दौरान वांग यी, भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवाल और भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ बातचीत करेंगे. 

चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि चीन वांग यी की भारत यात्रा के जरिए “पारस्परिक राजनीतिक विश्वास को बढ़ाना, व्यावहारिक सहयोग को मजबूत करना, मतभेदों को उचित ढंग से संभालना और चीन-भारत संबंधों के निरंतर, स्वस्थ और स्थिर विकास को बढ़ावा देना चाहता है.”

वांग यी का भारत दौरा उस समय पर हो रहा है, जब इस महीने के अंत में भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए चीन जाने वाले हैं. पीएम मोदी लगभग सात साल बाद चीन का दौरा करेंगे.भारत और चीन हाल के महीनों में अपने संबंधों को बेहतर बनाने के लिए काम कर रहे हैं, जिसके कुछ अच्छे नतीजे भी देखने को मिले हैं. 

नरेन्द्र मोदी की रेयर अर्थ की मांग सुनेंगे शी जिनपिंग?


 

https://p.dw.com/p/4z9hC
यूरोपीय संघ ने छह महीने में रूस से खरीदी चार अरब यूरो की एलएनजी को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

यूरोपीय संघ ने छह महीने में रूस से खरीदी चार अरब यूरो की एलएनजी

यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेय लाएन
2025 की पहली छमाही में ईयू ने खरीदी 4 अरब यूरो की एलएनजीतस्वीर: Florence Lo/REUTERS

यूरोपीय संघ की एजेंसी यूरोस्टैट के अनुसार, यूरोपीय संघ (ईयू) ने 2025 की पहली छमाही में रूस से लगभग 4.48 अरब यूरो की कीमत की तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) का आयात किया. यह पिछले साल की इसी अवधि में 3.47 अरब यूरो था. कुल मिलाकर, ईयू ने इस दौरान लगभग 26.9 अरब यूरो की कीमत का एलएनजी आयात किया, जिसमें सबसे बड़ा हिस्सा (करीब 13.7 अरब यूरो) संयुक्त राज्य अमेरिका से आया.

2024 में, अमेरिका ईयू का सबसे बड़ा एलएनजी आपूर्तिकर्ता था, जिसने कुल आयात का लगभग 45 फीसदी हिस्सा प्रदान किया. रूसी तेल और कोयले के विपरीत, ईयू ने अभी तक गैस पर प्रतिबंध नहीं लगाए हैं. यूक्रेन पर रूसी हमले के बाद, ईयू ने अन्य स्रोतों, विशेष रूप से अमेरिका से अपनी गैस आपूर्ति बढ़ा दी है. अमेरिका अब ईयू के लिए एलएनजी का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है, जिसने 2025 की पहली तिमाही में कुल आयात का लगभग 50 फीसदी से ज्यादा मुहैया कराया है.

https://p.dw.com/p/4z9hV
जर्मन विदेश मंत्री यूक्रेन में सैनिक भेजने के पक्ष में नहीं को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

जर्मन विदेश मंत्री यूक्रेन में सैनिक भेजने के पक्ष में नहीं

पत्रकारों को संबोधित करते जर्मन विदेश मंत्री योहान वाडेफुल
जर्मन विदेश मंत्री योहान वाडेफुलतस्वीर: Soeren Stache/dpa/picture alliance

जर्मनी के विदेश मंत्री योहान वाडेफुल ने यूक्रेन में जर्मन सैनिक भेजने के विचार पर संदेह जताया है. उनका मानना है कि पश्चिमी सुरक्षा गारंटी के तहत ऐसा करना जर्मनी के लिए बहुत बड़ी चुनौती होगी. उन्होंने इसे एक दूर की संभावना बताया. 

डीपीए की खबर के अनुसार, वाडेफुल ने कहा कि जर्मनी का ध्यान नाटो क्षेत्र की सुरक्षा पर है और यह एकमात्र यूरोपीय देश है जिसने लिथुआनिया में एक ब्रिगेड तैनात की है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसका मतलब यह नहीं है कि जर्मनी अन्य सैन्य और तकनीकी तरीकों से यूक्रेन का समर्थन नहीं कर सकता.

वाडेफुल ने जर्मनी के इस रुख को दोहराया कि केवल यूक्रेन ही यह तय कर सकता है कि वह अपनी जमीन को छोड़ेगा या नहीं और किन शर्तों पर. उन्होंने कहा कि यूक्रेन तभी ऐसा कदम उठा सकता है, जब उसे यह सुनिश्चित हो जाए कि रूस का हमला फिर से नहीं होगा और इसके लिए उसे सुरक्षा गारंटी की आवश्यकता होगी. 

वाडेफुल ने यह भी कहा कि इस संघर्ष में जर्मनी के नेतृत्व की भूमिका मुख्य रूप से राजनीतिक है. उन्होंने चांसलर फ्रीडरिष मैर्त्स की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अलग-अलग राष्ट्रीय हितों के बावजूद यूरोपीय देशों को यूक्रेन के पीछे एकजुट करने में सफलता हासिल की है.

यूक्रेन में जेलेंस्की के खिलाफ बड़े प्रदर्शन

https://p.dw.com/p/4z9fE
युद्ध रूस ने शुरू किया, वही इसे खत्म करे: जेलेंस्की को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

युद्ध रूस ने शुरू किया, वही इसे खत्म करे: जेलेंस्की

एक यूथ फोरम को संबोधित करते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेनी अपनी जमीन, अपनी आजादी के लिए लड़ रहे हैंतस्वीर: ROPI/POU/picture alliance

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप से अपनी मुलाकात से ठीक पहले वॉशिंगटन पहुंचने पर कहा कि रूस को इस युद्ध को खत्म करना होगा, जिसे उसने खुद शुरू किया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि यूक्रेनी अपनी जमीन, अपनी आजादी के लिए लड़ रहे हैं.

जेलेंस्की ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और हमारे यूरोपीय दोस्तों के साथ मिलकर हमारी साझा ताकत, रूस को एक सच्ची शांति के लिए मजबूर करेगी. ट्रंप ने पहले सुझाव दिया था कि जेलेंस्की अगर चाहें तो युद्ध “लगभग तुरंत” खत्म कर सकते हैं. ट्रंप कथित तौर पर यूक्रेन पर दबाव बना रहे हैं कि वह रूस को कुछ जमीन दे और नाटो में शामिल होने की अपनी कोशिश छोड़ दे.

जेलेंस्की की इस मुलाकात में कई यूरोपीय नेता उनके साथ हैं. वे ट्रंप को समझाना चाहते हैं कि यूक्रेन पर ऐसे समझौते के लिए दबाव न डाला जाए, जो उसकी संप्रभुता और सीमाओं के लिए खतरनाक हो. यूक्रेन के यूरोपीय समर्थकों का मानना है कि सीमाओं में बदलाव रूस की आक्रामकता को बढ़ावा देगा. हालांकि, जेलेंस्की ने पहले ही साफ कर दिया है कि वह न तो अपनी कोई जमीन छोड़ेंगे और न ही नाटो में शामिल होने की अपनी कोशिश से पीछे हटेंगे.

कितनी खनिज संपदा है यूक्रेन के पास?

https://p.dw.com/p/4z9aJ
तख्तापलट के पांच साल बाद म्यांमार में दिसंबर में होंगे आम चुनाव को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

तख्तापलट के पांच साल बाद म्यांमार में दिसंबर में होंगे आम चुनाव

म्यांमार में सैन्य तख्तापलट के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग
सेना ने 2021 में तख्तापलट के जरिये आंग सान सू ची की चुनी हुई सरकार को हटा दिया गया थातस्वीर: AP Photo/picture alliance

म्यांमार में 28 दिसंबर से आम चुनाव का पहला चरण शुरू होने वाला है. 2021 में सेना के तख्तापलट के लगभग पांच साल बाद देश में चुनाव होने जा रहे हैं. सेना ने तख्तापलट के जरिये आंग सान सू ची की चुनी हुई सरकार को हटा दिया गया था. जिसके बाद से सेना को सशस्त्र समूहों से कड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है.

सरकारी मीडिया के अनुसार, ये चुनाव दिसंबर और जनवरी में सुरक्षा कारणों से कई चरणों में आयोजित किए जाएंगे. इन चुनावों के लिए कुल 55 राजनीतिक दलों को पंजीकृत किया गया है. हालांकि, पश्चिमी देशों और आलोचकों ने इन चुनावों को महज एक दिखावा बताया है. उनका मानना ​​है कि ये चुनाव सेना की शक्ति को मजबूत करने के लिए डिजाइन किए गए हैं, क्योंकि सेना विरोधी समूहों को या तो चुनाव लड़ने से रोक दिया गया है या उन्होंने इसमें भाग लेने से इनकार कर दिया है.

सेना ने फरवरी 2021 के तख्तापलट को सही ठहराते हुए कहा था कि यह तीन महीने पहले हुए चुनाव में बड़े पैमाने पर हुई धोखाधड़ी के कारण जरूरी था, जिसमें सू ची की पार्टी ने जीत हासिल की थी. हालांकि, चुनाव पर्यवेक्षकों को इस धोखाधड़ी का कोई सबूत नहीं मिला था. पिछले साल, सेना ने मतदाता सूचियां बनाने के लिए देशव्यापी जनगणना करने की कोशिश की थी, लेकिन जारी हिंसा के कारण वे देश के 330 में से केवल 145 टाउनशिप में ही सर्वे कर पाए थे.

मलबा बन गए हैं म्यांमार के शहर

https://p.dw.com/p/4z9NA
यूरोप में इलेक्ट्रिक वाहनों की रिकॉर्ड बिक्री, चर्चा में चीनी कंपनी को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

यूरोप में इलेक्ट्रिक वाहनों की रिकॉर्ड बिक्री, चर्चा में चीनी कंपनी

एक इलेक्ट्रिक कार का चार्जिंग बॉक्स और पीछे खड़ी कार
पश्चिमी यूरोप में बढ़ी ईवी की बिक्रीतस्वीर: JONATHAN NACKSTRAND/AFP

एक नई रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल से जून के बीच पश्चिमी यूरोप में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री की रिकॉर्ड संख्या दर्ज की गई है. इस तिमाही में लगभग छह लाख बैटरी इलेक्ट्रिक वाहन (बीईवी) बिके. बर्लिन स्थित ऑटोमोटिव विश्लेषक माथियास श्मिट के अनुसार, इलेक्ट्रिक वाहन अब पहली बार आम ग्राहकों के लिए भी ज्यादा आकर्षक और सस्ते हो रहे हैं. पहले ये गाड़ियां मुख्य रूप से कॉरपोरेट ग्राहकों और कंपनी के कर्मचारियों द्वारा ही खरीदी जाती थीं. 

इस वृद्धि में चीनी कंपनियों का भी बड़ा हाथ है, खासकर बीवाईडी का, जो टेस्ला को पीछे छोड़कर दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक कार निर्माता बनने की होड़ में है. यूरोप में बिकने वाली बीवाईडी की एक चौथाई गाड़ियां ब्रिटेन की सड़कों पर जाती हैं, क्योंकि यूरोपीय संघ के विपरीत, ब्रिटेन ने चीनी इलेक्ट्रिक वाहनों पर टैरिफ नहीं लगाया है. 

साल के आखिरी महीनों में, फ्रांस में एक नई सामाजिक लीजिंग योजना और ब्रिटेन में इलेक्ट्रिक वाहन सब्सिडी योजना की फिर से शुरुआत होने से बिक्री में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

https://p.dw.com/p/4z9MC
दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया

टैंक के सामने बैठे दक्षिण कोरियाई और अमेरिकी सैनिक
11 दिनों तक चलेगा यह सैन्य अभ्यासतस्वीर: Defense Ministry/ZUMA Press Wire/picture alliance

दक्षिण कोरिया और संयुक्त राज्य अमेरिका ने सोमवार को अपना वार्षिक सैन्य अभ्यास 'उलची फ्रीडम शील्ड' शुरू किया. इस 11 दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तर कोरिया के खतरों के खिलाफ अपनी तैयारी को मजबूत करना है. इस अभ्यास में कंप्यूटर सिमुलेशन और 21,000 सैनिकों का फील्ड प्रशिक्षण शामिल है. दोनों देशों का कहना है कि यह अभ्यास पूरी तरह से रक्षात्मक प्रकृति का है.

उत्तर कोरिया ने इस अभ्यास की निंदा करते हुए इसे सैन्य टकराव बताया है और किसी भी उकसावे का जवाब देने की बात कही है. अतीत में, उत्तर कोरिया अक्सर इस तरह के अभ्यासों को मिसाइल लॉन्च या अन्य सैन्य प्रदर्शनों के लिए एक बहाने के रूप में इस्तेमाल करता रहा है. 2023 में, उत्तर कोरिया ने अमेरिकी-दक्षिण कोरियाई सैन्य अभ्यास के जवाब में एक नकली रणनीतिक परमाणु हमले का अभ्यास किया था.

यह संयुक्त अभ्यास दक्षिण कोरिया के नए राष्ट्रपति ली जेइ म्युंग के लिए एक संवेदनशील समय पर हो रहा है, क्योंकि 25 अगस्त को वॉशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के साथ उनका शिखर सम्मेलन होने वाला है. 

ट्रंप दक्षिण कोरिया में तैनात 28,500 अमेरिकी सैनिकों के लिए ज्यादा भुगतान की मांग कर चुके हैं. इसके अलावा, उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने सियोल की राजनयिक पेशकशों को खारिज करते हुए रूस के साथ सैन्य संबंध मजबूत किए हैं, जिसमें यूक्रेनी मोर्चे पर सैनिकों को भेजना भी शामिल है.

https://p.dw.com/p/4z949
मुंबई में भारी बारिश; फ्लाइट, ट्रेन और ट्रैफिक प्रभावित को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

मुंबई में भारी बारिश; फ्लाइट, ट्रेन और ट्रैफिक प्रभावित

पानी भरी सड़क पर से गुजरता एक बाइक सवार
तेज बारिश की वजह से मुंबई शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गयातस्वीर: Raju Shinde/Hindustan Times/Sipa USA/picture alliance

भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार सुबह से तेज बारिश हो रही है. इसके चलते कई उड़ानें बाधित हुई हैं, सड़कों पर पानी भर गया है और लोकल ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, मुंबई के कई हिस्सों में सुबह से 140 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई है. इसके चलते सड़कों पर गाड़ियां फंस रही हैं और ट्रैफिक जाम लग रहा है. 

मुंबई और इसके आसपास के कई इलाकों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. बीएमसी ने भारी बारिश के चलते सभी स्कूलों में सोमवार की छुट्टी घोषित कर दी है. नगर निगम ने लोगों को सलाह दी है कि वह बिना काम के अपने घरों से बाहर ना निकलें. इसके अलावा, समुद्र में भी तेज हवा चलने और ऊंची लहरों के उठने की चेतावनी दी गई है. 

सपनों की नगरी के लिए क्या सपने देख रहे लोग

https://p.dw.com/p/4z945
छोटी गाड़ियों और बीमा प्रीमियम पर टैक्स कम कर सकती है सरकार को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

छोटी गाड़ियों और बीमा प्रीमियम पर टैक्स कम कर सकती है सरकार

राजधानी दिल्ली में लगा ट्रैफिक जाम
छोटी गाड़ियों पर टैक्स 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी किया जा सकता हैतस्वीर: Uncredited/AP Photo/File/picture alliance

एक सरकारी सूत्र ने सोमवार को न्यूज एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि भारत सरकार वस्तु एवं सेवा कर यानी जीएसटी में व्यापक सुधार करने की योजना बना रही है और इसके तहत छोटी गाड़ियों और बीमा प्रीमियम पर टैक्स घटाने का लक्ष्य रखा गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में जीएसटी सुधार का जिक्र किया था. 

मामले में सीधे तौर पर शामिल सूत्र के मुताबिक, केंद्र सरकार ने छोटी पेट्रोल और डीजल कारों पर जीएसटी को मौजूदा 28 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी करने का सुझाव दिया है. सूत्र के मुताबिक, स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा पर फिलहाल 18 फीसदी जीएसटी लगता है. इसे घटाकर पांच फीसदी या फिर शून्य फीसदी किया जा सकता है. 
 

https://p.dw.com/p/4z93H
'स्कीबिडी' और 'डेलुलु' जैसे नए शब्द कैंब्रिज डिक्शनरी में शामिल को स्किप करें
१८ अगस्त २०२५

'स्कीबिडी' और 'डेलुलु' जैसे नए शब्द कैंब्रिज डिक्शनरी में शामिल

एक खुली हुई किताब
बढ़ती पर्यावरणीय चिंताओं के कारण 'फॉरएवर केमिकल्स' जैसे शब्द भी शामिल किए गए हैंतस्वीर: Shotshop/IMAGO

कैंब्रिज डिक्शनरी ने अपनी ऑनलाइन डिक्शनरी में 6,000 से ज्यादा नए शब्द शामिल किए हैं. जिन नए शब्दों को इसमें शामिल किया गया है, उनमें 'स्कीबिडी', 'डेलुलु' और 'ट्रेडवाइफ' मुख्य हैं. नए शामिल किए गए शब्दों में जेनरेशन जी और जेनरेशन अल्फा के कई शब्द हैं. 

'स्कीबिडी' शब्द एक वायरल यूट्यूब सीरीज 'स्कीबिडी टॉयलेट' से मशहूर हुआ. 'डेलुलु' शब्द 'डेल्यूजनल'  (भ्रम) का छोटा रूप है, जिसका इस्तेमाल किसी के भ्रम में होने की स्थिति को बताने के लिए किया जाता है. वहीं 'ट्रैडवाइफ' उन महिलाओं को कहते हैं जो सोशल मीडिया पर पारंपरिक लैंगिक भूमिकाओं को बढ़ावा देती हैं.

इनके अलावा, कुछ और शब्द भी जोड़े गए हैं, जैसे:

  • ल्यूक : किसी खास तरह के फैशन या स्टाइल के लिए
  • इंस्पो : इंस्पिरेशन (प्रेरणा) का छोटा रूप
  • माउस जिगलर: एक ऐसा डिवाइस जो घर से काम करते समय कंप्यूटर के माउस को हिलाता रहता है, ताकि ऐसा लगे कि कोई काम कर रहा है.
  • बढ़ती पर्यावरणीय चिंताओं के कारण 'फॉरएवर केमिकल्स' जैसे शब्द भी शामिल किए गए हैं.
https://p.dw.com/p/4z8mq
और पोस्ट दिखाएं
आयुष यादव
आयुष यादव एडिटर, डीडब्ल्यू हिन्दीhttps://x.com/aayush9906?s=21
आदर्श शर्मा
आदर्श शर्मा डीडब्ल्यू हिन्दी के साथ जुड़े आदर्श शर्मा भारतीय राजनीति, समाज और युवाओं के मुद्दों पर लिखते हैं.